राजनीति

कोविड के बाद अब राजनीति संक्रमण से भी जीतेंगे –मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 

 

लखनऊ, 9जून2021: उत्तर प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के साथ प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव की अटकलों पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विराम लगा दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इन सभी अटकलों को नया नाम राजनीतिक संक्रमण दिया है। उन्होंने साफ कहा कि हम कोरोना संक्रमण के बाद अब राजनीतिक संक्रमण से भी यह लड़ाई जीत लेंगे। उन्होंने अंग्रेजी मीडिया से वार्ता में अपनी बात को बखूबी ढंग से रखा।उत्तर प्रदेश में बीते दिनों नेतृत्व परिवर्तन के कयास लगे। दिल्ली से लेकर लखनऊ तक बड़े नेताओं की बैठक हुई। भाजपा के उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने यहां मंत्रियों से बात की तो कयासबाजी का दौर और तेज हो गया। इसी बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीते एक हफ्ते से मीडिया में माहौल बनाने पर कहा कि मैं तो भारतीय जनता पार्टी का एक साधारण सिपाही हूं। भाजपा ने मुझे जिस मोर्चे पर लगाया है, मैंने अपना श्रेष्ठ करने के प्रयास किया है। इसी बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा दो-तिहाई बहुमत से चुनाव जीतेगी।सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 विधानसभा चुनाव हम दो-तिहाई बहुमत के साथ जीतेंगे। हम किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं। सभी जानते हैं हमने 2014 का लोकसभा चुनाव जीता। इसके बाद 2017 में उत्तर प्रदेश के विधानसभा के चुनाव में हमें जीत मिली। फिर 2019 का लोकसभा चुनाव जीता। हम केवल कोरोना वायरस से ही लड़ाई नहीं लड़ रहे बल्कि हमारी लड़ाई ‘राजनीतिक संक्रमण’ से भी है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह लड़ाई जीतेंगे। 2022 का विधानसभा चुनाव भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ जीतेगी।उत्तर प्रदेश सरकार तथा भाजपा उत्तर प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग हाल ही में भाजपा संगठन के शीर्ष नेताओं के दौरों एवं बैठकों को एक अलग नजरिए से देख रहे हैं और उसे एक राजनीतिक रंग देने की कोशिश में हैं। उन्होंने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन पर अटकलें लगाना मीडिया की पेशेवर बाध्यता है। वह आकर्षक हेडलाइन एवं ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाने के लिए काफी चीजों को अधिक बढ़ा-चढ़ाकर और सनसनीखेज तरीके से पेश करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में इस तरह की बैठकें नई नहीं हैं। भाजपा तो एक कैडर आधारित पार्टी है। इसमें भाई-भतीजावाद के लिए कोई जगह नहीं है। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को एक्टिव रखती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रत्येक दो महीने के बाद मिलते हैं और राज्य इकाई के नेताओं के साथ बैठक करते हैं। हमारे राज्य के भाजपा प्रभारी एवं पार्टी के उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह महीने में दो बार यूपी की यात्रा पर आते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने खुद चार महीने पहले लखनऊ का दौरा किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष भी दो दिन के लखनऊ के दौरे पर थे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश तथा प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के कारण हम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कई सेवाएं दे रहे हैं। ऐसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर हो रहा है। चाहे वह कोरोना की पहली लहर हो या दूसरी भाजपा और संघ के कार्यकर्ता अपनी सेवाएं देते आए हैं। इस दौरान लोगों की सेवा करने में अन्य राजनीतिक दल कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। देश तथा प्रदेश में संकट के इस समय में कोई भी राजनीतिक दल जनता की सेवा करते नहीं दिखाई दे रहे हैं।उत्तर प्रदेश में लगातार विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की ओर से पत्र लिखे जाने पर सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि वह लगातार लाइमलाइट में रहने की कोशिश कर रही हैं। इनके साथ ही अन्य लोग सिर्फ मीडिया में बने रहने के लिए केवल ट्वीट कर रहे हैं। कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान ये लोग कहां थे। मैदान में उतरकर कुछ काम करें तो बेहतर होगा। देश तथा प्रदेश के लोगों की सेवा में यह लोग कहीं नहीं दिखाई दिए। सेवा भाव तथा लोगों की सेवा करना उनके स्वभाव में नहीं है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *