पूर्वांचल

कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने कमिश्नरी सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, शासन की विकास एवं निर्माण परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा कराए जाने के दिये निर्देश

वाराणसी21नवम्बर :कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने शासन की मंशा के अनुरूप विकास एवं निर्माण परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर पूरा कराए जाने हेतु मंडलीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने विभागीय लक्ष्यों की शत- प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित कराए जाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसमे किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं को मानक के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराए जाने पर भी विशेष जोर दिया।
कमिश्नर कौशल राज शर्मा सोमवार को कमिश्नरी सभागार में विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी वैलनेस सेटरों को अच्छे से चलाया जाए और वहां पर लोगों की उपस्थिति का गूगल शीट तैयार कराया जाए। आयुष्मान गोल्डन कार्ड की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि विभाग से संपर्क कर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में डाटा फिडिग की भांति डाटा फिड किए जाएं, जिससे आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाने में अपेक्षित गति आ सके। इस कार्य में ब्लॉक स्तरीय कर्मियों की भी ड्यूटी लगाए जाने का निर्देश दिया। सरकारी चिकित्सालयों में डेंगू वार्ड में अपेक्षित साफ-सफाई, मच्छरदानी आदि की व्यवस्था प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराए जाने के साथ-साथ उसे एक्टिव मोड में रखे जाने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकारी चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कायाकल्प योजना के अंतर्गत इसमें विशेष प्रयास किए जाने पर जोर देते हुए मंडल के चारों जनपदों में प्रतिस्पर्धा कराए जाने का निर्देश दिया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने ठंड के मौसम के दृष्टिगत गौशालाओं में निराश्रित पशुओं के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। चोलापुर एवं गाजीपुर के सड़कों पर घुमंतू पशुओं को संज्ञान लेते हुए उन्होंने इस पर प्रभावी नियंत्रण किए जाने का निर्देश दिया। निराश्रित गोवंश के संबंध में खंड विकास अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय करने का उन्होंने निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसीलदार तहसील पर और खंड विकास अधिकारी विकासखंड मुख्यालयों पर ही रात्रि निवास करें। गौशालाओं का नियमित एवं औचक निरीक्षण किए जाने हेतु मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों का भी पक्ष अवश्य जाना जाए। लमपी डिजीज से ठीक हो चुके पशुओं को कौन सा आहार दिया जाना चाहिए, इसकी जानकारी पशुपालकों को उपलब्ध कराई जाए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत वाराणसी जनपद में 97 फ़ीसदी डाटा फीडिंग हो चुकी हैं। मंडल के अन्य जनपदों में डाटा फीडिंग की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसमें तेजी लाए जाने का निर्देश दिया। अमृत योजना अंतर्गत पेयजल आपूर्ति की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। जनपद जौनपुर में अपेक्षाकृत काफी कम पेयजल आपूर्ति होने पर जल निगम के नोडल अधिकारी को चेतावनी जारी किया। अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी तरह प्रतिबंधित पर जोर देते हुए उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अभी भी सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग हो रहा है। नगर निगम इसके लिए युद्ध स्तर पर विशेष अभियान चलाएं। सड़कों की गङ्ढा मुक्ति अभियान की समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग के अभियंता को निर्देशित किया कि 30 नवंबर इसका डेटलाइन तय है। प्रत्येक दशा में जनपदों की सड़कें गड्ढा मुक्त हो जाएं, अन्यथा की स्थिति में होगी कड़ी कार्रवाई। बीएचयू के हैदराबाद गेट के पास की सड़क को आज रात्रि तक गड्ढा मुक्त किए जाने का दिया निर्देश। उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने फूलों की खेती पर विशेष जोर दिया। प्रत्येक विकासखंड में एक-एक पालीहाउस बनाए जाने हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने का भी निर्देश दिया।
50 लाख से ऊपर की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने जनपदों में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराए जाने हेतु निर्देशित किया। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ एवं सुगम बनाये जाने हेतु नगर निगम, सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग, वीडीए व यातायात विभाग को संयुक्त रूप से शहर की आवश्यकतानुसार सड़क, फ्लाईओवर आदि के संबंध में कार्ययोजना शुक्रवार तक बनाए जाने का निर्देश दिया। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने विभागीय अभियंता को आगामी बैठक में एलएनटी कार्यदायी संस्था के साथ आने का निर्देश दिया। धान क्रय की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 419 में से 405 धान क्रय केंद्र मंडल में खोले जा चुके हैं। चंदौली में क्रय केंद्र विलंब से खोले जाने पर बताया गया कि चंदौली में धान की फसल दिसंबर में कटने के कारण विलम्ब से ही सेंटर हर वर्ष खोले जाते हैं। कौशल विकास मिशन की समीक्षा के दौरान कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपदों में मदरसों की भांति आईटीआई का सर्वे कराया जाए। जिससे पता चल सके कि वास्तविक रूप से और कागजों पर कितने आईटीआई चल रहे हैं। मात्र कागजों पर चल रहे आईटीआई कालेजो के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने का भी उन्होंने निर्देश दिया। सेवायोजन एवं आईटीआई में आपसी सामंजस्य न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने दोनों को आपसी सामंजस्य स्थापित कर विदेशों में 4 से 5 हजार बच्चों को सेवायोजित कराये जाने के लक्ष्य की पूर्ति किए जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारियों को जनपदों में जिला उद्योग बंधु की बैठक नियमित रूप से किए जाने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। आईजीआरएस पोर्टल से प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों का प्रत्येक दशा में निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय स्तर पर कोई भी शिकायती प्रार्थना पत्र लंबित न रहने पाए। विभागीय स्तर पर उच्च न्यायालय से संबंधित कोई भी मामले किसी भी दशा में लंबित नहीं होने चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी वाराणसी एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी गाजीपुर आर्यका अखोरी, जिलाधिकारी जौनपुर मनीष वर्मा, जिलाधिकारी चंदौली ईशा दुहन, मंडल के जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी सहित विभागीय मंडलीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *