पीएम नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन इस बार अलग तरीके से मनाएगी यूपी भाजपा, 15 दिन तक होंगे आयोजन
लखनऊ06सितम्बर:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अलग तरीके से मनाने का निर्णय लिया है। इस विशेष अवसर पर जनता को सेवा कार्यों की प्रेरणा मिले, इसलिए पीएम मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से गांधी जयंती यानी दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा।यह कार्यक्रम बूथ स्तर तक तो होंगे ही, इसके साथ ही सेवा कार्यों की प्रतिस्पर्धा भी होगी। राष्ट्रस्तरीय इस प्रतिस्पर्धा में जिलों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इनकी रूपरेखा पर सोमवार को प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बैठक की।पार्टी मुख्यालय में सभी प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ वर्चुअल बैठक की गई। इसमें सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। यह भी तय हुआ कि सात और आठ सितंबर को क्षेत्र स्तर पर, 11 और 12 सितंबर को जिला स्तर पर और 14 व 15 सितंबर को मंडल स्तर पर सेवा पखवाड़ा को लेकर बैठकें होंगी, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन भी जाएंगे।