भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भूपेंद्र सिंह का मुख्यमंत्री योगी ने किया स्वागत, बोले- 2024 में भाजपा बनाएगी रिकॉर्ड
लखनऊ 29अगस्त:उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी पहली बार आज लखनऊ पहुंचे। पार्टी मुख्यालय में भूपेंद्र का स्वागत खुद सीएम योगी आदित्यानाथ ने किया। सीएम योगी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में 2024 के चुनाव में भाजपा नया रिकॉर्ड बनाएगी। सीएम योगी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह की क्षमता का ही परिणाम है कि दो बार उन्हें पश्चिमी क्षेत्र का अध्यक्ष भी बनाया जा चुका है।योगी ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के संगठन को बखूबी संभालने की योग्यता रखने वाले भूपेंद्र को हर कार्यकर्ता जानता है। पांच वर्ष छह माह से भूपेंद्र सिंह ने पहले स्वतंत्र प्रभार और फिर पंचायती राज विभाग में कैबिनेट मंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है। पंचायत राजमंत्री होने के दौरान ही पंचायत चुनाव संपन्न हुए। दो तिहाई इलाकों में जनप्रतिनिधि और ब्लाक प्रमुख भाजपा के लोग बने हैं। सीएम योगी ने कहा कि अपनी संगठनात्मक क्षमता के बल पर ही भूपेंद्र सिंह सभी को साथ लेकर केंद्र और राज्य की योजनाओं को आगे बढ़ाने में सफल होंगे। इनके नेतृत्व में 2024 के चुनाव में भाजपा फिर नया रिकॉर्ड बनाएगी।इससे पहले भूपेंद्र सिंह चौधरी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे तो चारबाग रेलवे स्टेशन पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रेलवे स्टेशन पर उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और सांसदों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके स्वागत में पहुंचे।