मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौ कुंवारी कन्याओं के पांव पखार कर किया पूजन
गोरखपुर 04अक्टूबर:शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाथ पीठ की परंपरा का आस्थाभाव से निर्वहन किया। मंगलवार की सुबह उन्होंने पीठ में मां भगवती के सभी नौ स्वरूपों की प्रतीक नौ कन्याओं और एक बटुक भैरव का विधि-विधान से पूजन किया और अपने हाथ से भोज कराया।दक्षिणा देकर सभी की भावपूर्ण विदाई की। कन्या पूजन के इस आनुष्ठानिक कार्यक्रम में 100 से अधिक बच्चों ने पूजन का प्रसाद ग्रहण किया। सभी की वैसे ही भोजन कराकर विदाई की गई, जैसे नौ कन्याओं व एक बटुक भैरव की।कन्या पूजन की शुरुआत पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह आठ बजे हुई। पीठ के प्रथम तल पर मुख्यमंत्री योगी थाल सजाकर बैठे।बारी-बारी से उन्होंने कन्याओं का पांव पखारा, तिलक लगाया और फिर आरती उताकर चुनरी ओढ़ाई। इस दौरान कन्याओं के साथ योगी का भावपूर्ण स्नेहिल संवाद सभी को भाव-विभोर कर रहा था। पूजा-अर्चना के बाद योगी ने उसी श्रद्धाभाव के साथ कन्याओं को भोजन परोस कर खिलाया। अंत में दक्षिणा और उपहार देकर उनकी विदाई की।