मोदी की हत्या वाले बयान पर पूर्व मंत्री राजा पटेरिया गिरफ्तार
13दिसम्बर 2022
मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने पीएम मोदी की हत्या के लिए तत्पर रहने संबंधी विवादित बयान दिया था। विवादित बयान के कारण उन्हें आज (मंगलवार) सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है।
उनके बिगड़े बोल का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने पर एमपी की राजनीति में भूचाल आ गया था। सत्ताधारी पार्टी बीजेपी द्वारा निशाने पर लिया था। उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बीजेपी प्रतिनिधि मंडल ने डीजीपी को ज्ञापन सौंपा था। उसके खिलाफ कल सोमवार को पवई थाना में एफआईआर दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया को पन्ना पुलिस ने उनके निज निवास से आज सुबह 7 बजे गिरफ्तार किया है। पुलिस उन्हें पवई थाने लेकर गई है। आज सुबह हटा एसडीओपी वीरेंद्र बहादुर भारी पुलिस बल के साथ उसके निवास गिरफ्तार करने पहुंचे थे। राजा पटेरिया को हटा, दमोह से पन्ना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ पवई थाने में कल सोमवार को मामला दर्ज हुआ था।