यूपी में सीएम योगी ने की महापर्व छठ की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
लखनऊ29अक्टूबर :लोक आस्था के पर्व छठ को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बेहद गंभीर है। प्रदेश में चारों तरफ छठ पर्व को लेकर लोग भले ही अपने स्तर से तैयारी में लगे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शनिवार को अपने सरकारी आवास पर छठ पर्व पर जिलों में प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पर छठ पर्व की जिला प्रशासन तथा शासन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद तथा अन्य विभाग के बड़े अधिकारी भी थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ को लेकर समीक्षा बैठक में कहा कि छठ पूजा के दौरान सभी स्थान पर अच्छी व्यवस्था को शीर्ष वरीयता पर रखें। उन्होंने जिलों में छठ पूजा की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ ही अधिकारियों को निर्देश भी दिया। उन्होंने छठ पूजा स्थल पर साफ सफाई के विशेष निर्देश दिए हैं।