संसद में इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल रखते ही हड़ताल पर जाएंगे बिजलीकर्मी
लखनऊ 06अगस्त:विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उ.प्र. ने बिजली के निजीकरण के लिए संसद में रखे जाने वाले इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल-2022 के विरोध में हड़ताल करने का फैसला लिया है। संघर्ष समिति ने शुक्रवार को हड़ताल की नोटिस केंद्र व राज्य सरकार को भेज दिया है।संघर्ष समिति ने तय किया है कि बिल के विरोध में देश के तमाम बिजली कर्मचारियों के साथ प्रदेश के सभी ऊर्जा निगमों के तमाम कर्मचारी व इंजीनियर काम बंद हड़ताल करेंगे।संघर्ष समिति ने तय किया है कि सरकार जिस दिन संसद में बिल प्रस्तुत करेगी उसी समय सभी ऊर्जा निगमों के तमाम कर्मचारी व अभियन्ता कार्य छोड़ कर कार्यस्थल से बाहर आ जाएंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे। 10 अगस्त को राजधानी लखनऊ सहित सभी जनपदों व परियोजना मुख्यालयों पर शाम 4 से 5 बजे तक विरोध प्रदर्शन करेंगे। सोमवार को संसद में बिल 2022 प्रस्तुत किए जाने की संभावना को देखते हुए समिति ने आह्वान किया है कि लखनऊ सहित सभी जनपदों व परियोजनाओं पर सोमवार 8 अगस्त को सभी बिजली कर्मचारी व अभियन्ता दोपहर 12 बजे से एक स्थान पर एकत्र रहेंगे यदि बिल संसद में रखा जाता है तो उसी समय से हड़ताल शुरू कर देंगे।