नगर निगम सीमान्तर्गत नवीन सभी 84 गाॅवों में सुबह-सुबह औचक निरीक्षण से मचा हड़कम्प
वाराणसी16नवंबर;नगर आयुक्त श्री प्रणय सिंह के निर्देश पर आज अल सुबह नगर निगम सीमा में शामिल हुये 84 गाॅवों में सफाई व्यवस्था की औचक जाॅच करायी गयी। इस अभियान को काफी गोपनीय रखा गया था तथा इस हेतु नगर निगम, वाराणसी के 21 अधिकारियों की तैनाती की गयी थी, जिन्हे इस अभियान की जानकारी भी नही दी गयी थी, उन्हे देर रात फोन कर सुबह 8 बजे कैम्प आफिस पहुॅचने हेतु निर्देशित किया गया। सभी 21 अधिकारी जब सुबह कैम्प आफिस पहुॅचे तो नगर आयुक्त श्री प्रणय सिंह ने उन्हे निरीक्षण हेतु आवंटित गाॅवों एंव वहाॅ तैनात कर्मचारियों की सूची पकड़ा दी तथा निर्देशित किया गया कि सभी अपने आवंटित क्षेत्रों में तत्काल पहुॅचे एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करें, जिसमें सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, उनके द्वारा किये जा रहे कार्यो का स्थलीय निरीक्षण तथा नागरिकों से सफाई व्यवस्था की जानकारी भी प्राप्त करते हुये अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाय। सभी अधिकारी तत्काल क्षेत्रों में जाॅच करने हेतु रवाना हो गये। नगर आयुक्त श्री प्रणय सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सफाई व्यवस्था बनाये जाने के दृष्टिगत आदेश दिये गये थे। उन्होने बताया कि समय-समय पर अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार औचक जाॅच करायी जायेगी। देर शाम तक प्राप्त निरीक्षण आख्या को समेकित किये जाने की कार्यवाही की जा रही थी।