पेयजल पाइप की मरम्मत के दौरान ढहने से बचा मकान
वाराणसी20दिसम्बर :हुकूलगंज में सोमवार देर रात पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान एक जर्जर मकान की नींव हिल गई। जिससे मकान के धसने का खतरा बढ़ गया है। जलकल विभाग द्वारा पाइपलाइन की मरम्मत की जा रही थी। इस दौरान गली धंसने के कारण मकान के ढहने का खतरा बढ़ गया है। मकान में दरार पड़ने पर इसमें रह रहे लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों और ठेकेदार के कर्मचारियों ने मकान में बल्ली लगाकर रोकने की कोशिश की। मकान की पीछे की दीवार समेत खंभों को बल्ली लगाकर रोका गया। इस मकान में रहने वाले लोग दूसरे हिस्से में चले गए हैं। वहीं आसपास के मकानों को भी नुकसान की आशंका से लोग डरे हुए हैं।
मकान में दरार की सूचना पर मौके पर जलकल सचिव सिद्धार्थ कुमार पहुंचे। उन्होंने ठेकेदार के कर्मचारियों और जेई से घटना की जानकारी ली और मंगलवार सुबह मकान की मरम्मत कराने को कहा। भवन स्वामी लालजी नजदीक ही पान की गुमटी लगाते हैं।