उत्तर प्रदेश के आम सहित अन्य फल विदेशों में बजाएंगे अपना डंका
लखनऊ 12 जून :उत्तर प्रदेश सरकार आम के अलावा दूसरे अन्य फलों का वितरण भी विदेशों में निर्यात करने की तैयारी कर रही है। जिसके लिए सरकार ने एक योजना बननी शुरू कर दी है। भारत के ये फल जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, भूटान, दुबई, फ्रांस और स्विटजरलैंड भेजने की योजना पर काम कर रही है। आम के अलावा अन्य दूसरे फलों के निर्यात पर भी सरकार फोकस कर रही है। इसके लिए निवेशकों से बात की जा रही है। सरकार का मानना है कि अब दूसरे फलों का भी कारोबार बढ़े। इस बाबत निजी निर्यातकों से भी बात की जा रही है। राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ हाफेड इन फलों की फसलों के उत्पादक किसानों से भी बात कर रहा है। इसके साथ ही ऐसे निवेशकों से भी संपर्क साधा जा रहा है। जो फलों के निर्यात में सरकार की संभव सहायता कर सके। प्रदेश में आम का सीजन आ गया है और इसके निर्यात को लेकर तैयारी जोरों पर है। यहां प्रतिवर्ष 35 से 40 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है। इसके अलावा सरकार अब केला, अमरूद, पपीता आदि की फसलों पर भी फोकस करने की तैयारी है। दरअसल अब इन उत्पादों के जीआई टैग उपयोगकर्ता भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में इनका निर्यात किसानों के लिए लाभकारी होगा। निर्यात के लिए अमेरिका, जर्मनी, आस्ट्रेलिया, दुबई, भूटान, स्विटजरलैंड, फ्रांस आदि देशों पर फोकस है। यहां दाम भी सही मिलता है और यहां भारतीय फलों को चाहने वालों की अधिक संख्या है। हाफेड के प्रबंध निदेशक अंजनी श्रीवास्तव ने बताया कि सभी फसलों पर फोकस किया जा रहा है। इससे फल उत्पादकों की स्थिति और बेहतर हो सकती है।