दिग्विजय सिंह ने EVM पर उठाए सवाल: कहा- ‘जब तंत्र जीतता है तो जनता हार जाती है
भोपाल 5 दिसंबर :मध्य प्रदेश में बीजेपी ने जहां प्रचंड बहुमत में जीत दर्ज की है, तो वहीं कांग्रेस को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। वहीं अब कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने चुनाव परिणाम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि पोस्टल बैलट में हमें 199 सीटों पर बढ़त मिली जबकि इनमें से अधिकांश सीटों पर ईवीएम काउंटिंग में हमें मतदाताओं का पूर्ण विश्वास न मिल सका।
3 दिसंबर को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है। 230 विधानसभा सीटों वाली मध्य प्रदेश में भाजपा के खाते में 163 सीटों पर कब्जा जमाने में कामयाब रही, जबकि कांग्रेस महज 66 सीटों पर सिमट गई।
दिग्विजय सिंह ने EVM पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने अपनी बात रखने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का सहारा लिया। उन्होंने रिजल्ट का आंकड़ा शेयर करते हुए लिखा, ‘पोस्टल बैलेट के जरिए कांग्रेस को वोट देने वाले और हम पर भरोसा जताने वाले सभी मतदाताओं का धन्यवाद! तस्वीरों के आंकड़ों में एक प्रमाण है जो यह बताता है कि पोस्टल बैलेट के जरिए हमें यानी कांग्रेस को 199 सीटों पर बढ़त है। जबकि इनमें से अधिकांश सीटों पर ईवीएम काउंटिंग में हमें मतदाताओं का पूर्ण विश्वास न मिल सका। यह भी कहा जा सकता है कि जब तंत्र जीतता है तो जनता (यानी लोक) हार जाती है। हमें गर्व है कि हमारे जमीनी कार्यकर्ताओं ने जी जान से कांग्रेस के लिए काम किया और लोकतंत्र के प्रति अपने विश्वास को पुख्ता किया।”