दिव्य दीपोत्सव के पहले चमकेंगी अयोध्या की गलियां,योगी सरकार ने दिए 34 करोड़
अयोध्या27अक्टूबर: शहर के जीआईसी मैदान में 28 अक्टूबर से दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा। नगर महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि मेले में दीपावली से संबंधित वस्तुओं की बिक्री होने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। शहर की गलियों की मरम्मत के लिए शासन से 34 करोड़ रुपये मिले हैं। दीपावली के पहले सभी गलियों को चमका दिया जाएगा।
महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दीपावली मेले का आयोजन शहर में कराया जा रहा है। शहर के जीआईसी मैदान पर 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक यह मेला चलेगा। मेले का आयोजन नगर निगम की देखरेख में किया जा रहा है। इस मेले में पटरी दुकानदार भी अपनी दुकानें लगाएंगे। मिट्टी के बर्तन और दीए बनाने वाले कुम्हार भी अपना स्टाल लगाएंगे। दीपावली के त्यौहार से संबंधित सामानों की बिक्री इस मेले में कराई जाएगी। विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल भी इस मेले में लगेंगे जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिल सके। इन स्टॉलों में मौजूद विभाग के कर्मचारी और अधिकारी जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास भी करेंगे।इस दीपावली मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा जिसके तहत मैजिक शो, नुक्कड़ नाटक,कठपुतली, स्थानीय लोक गायन समेत कई तरह के कार्यक्रम होंगे इससे स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपने टैलेंट के प्रदर्शन का मौका मिलेगा। मेले में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क होगा।महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि अयोध्या में चूंकि दिव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में शहर की गलियों को भी दुरुस्त किया जाएगा। शहर की गलियों की मरम्मत के लिए शासन ने 34 करोड़ रुपये का बजट दिया है। इसके अलावा नगर निगम का सीमा विस्तार होने से 41 गांवों में भी विकास कार्य कराए जाने हैं। इसके लिए भी शासन से 48 करोड़ रुपये की धनराशि मिली है। नगर निगम की ओर से अयोध्या के फैजाबाद जोन के 45 वार्डों के लिए शासन को विस्तृत कार्य योजना भेजी गई है। इस कार्ययोजना के तहत शासन से 74 करोड़ रुपये का बजट मांगा गया है।