राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस के कई नेता उन्हें श्रद्धांजलि
नई दिल्ली 20 अगस्त : पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती है। कांग्रेस के कई नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस बीच सोनिया गांधी ने भी वीरभूमि पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उधर, लद्दाख दौरे पर गए राहुल गांधी पैंगोंग झील के तट पर पिता को श्रद्धांजलि दी।
सोनिया गांधी आज वीरभूमि में पूर्व पीएम राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देने पहुंची। उनके साथ प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उधर, पीएम मोदी ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी।
मल्लिकार्जुन खरगे ने किया पोस्ट
राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक पोस्ट भी किया। उन्होंने कहा, राजीव गांधी भारत के महान सपूत थे। वह एक ऐसे नेता थे जिन्होंने लाखों भारतीयों में आशा जगाई। आज जब हम सद्भावना दिवस मना रहे हैं, तो उनके विशाल योगदान को याद करना प्रासंगिक है, जिसने भारत को 21वीं सदी में आगे बढ़ाया। उनके कई हस्तक्षेप जैसे कि मतदान की आयु 18 वर्ष तक कम करना, पंचायती राज को मजबूत करना, दूरसंचार और आईटी क्रांति, कंप्यूटरीकरण कार्यक्रम, निरंतर शांति समझौते, सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम और समावेशी शिक्षा पर जोर देने वाली एक नई शिक्षा नीति ने देश में परिवर्तनकारी बदलाव लाए।