मिर्जापुर में नशे में धुत होकर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करने वाले, दो आरोपी गिरफ्तार
मिर्जापुर2अप्रैल, विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत भैरव कुंड के पास शनिवार की देर रात बिहार से आए श्रद्धालुओं ने अपने साथी के साथ नशे में धुत होकर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की। संयोग रहा कि गोली किसी को नहीं लगी। गोली की आवाज सुनकर लोग घबरा गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। बिहार प्रांत निवासी एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिला निवासी अपने साथी के साथ मां विंध्यवासिनी धाम में आया था। शनिवार की रात को दोनों लोग दर्शन पूजन करने के बाद अष्टभुजा चौकी अंतर्गत भैरव कुंड के पास पहुंचे। वहां पर रात में शराब पीने के बाद लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायरिंग करने लगे। संयोग रहा कि गोली किसी को नहीं लगी। कई राउंड फायर होने पर पहाड़ी पर हड़कंप मच गया। लोगों ने हवाई फायरिंग की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची विंध्याचल पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ली। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर कार्रवाई में जुटी है। पहाड़ी पर इससे पहले भी बिहार के बाहुबली के साथ आए एक व्यक्ति ने गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी इसके बाद पुलिस ने पहाड़ी पर सुरक्षा बढ़ा दी थी, पर इस घटना ने पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा ने बताया कि भैरव कुंड के पास शराब के नशे में दो लोगों ने हवाई फायरिंग की। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।