नगर निगम में बढ़ेंगे सिर्फ 10 वार्ड, 84 गाँव नए परिसीमन में हुए हैं शहरी क्षेत्र में शामिल.
वाराणसी12मई: शहरी क्षेत्र के परिसीमन के बाद 84 गाँव शहर में समाहित किये गए हैं। इन गाँवों में इस बार पंचायत के चुनाव भी नहीं कराये गए हैं। ऐसे में जानकारों का कयास था कि अब नगर निगम के वार्डों की संख्या बढ़कर 90 से 110 या 120 होगी पर इन सभी कयासों पर शासन ने विराम लगा दिया है। शासन की तरफ से आये मानक के अनुसार नगर निगम के वार्डों की संख्या सिर्फ 100 हो सकती है। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में साल 2011 की जनगणना के अनुसार सिर्फ 10 वार्ड ही बढ़ाएं जाएंगे क्योंकि इस समय शहरी क्षेत्र की जनसंख्या कुल 15 से 16 लाख के बीच हो रही है। साल 2011 में हुई जनगणना में शहर की आबादी कुल 12 लाख 12 हजार 610 थी। इसके अलावा 84 गाँवों की आबादी कुल 4 लाख के लगभग होगी ऐसे में पूरे शहर की आबादी 16 लाख ही हो रही है। ऐसे में सिर्फ 10 वार्ड ही बनाये जाएंगे। वहीं उन्होंने यह भी साफ़ किया कि मामला अभी भी कैबिनेट के सामने विचाराधीन हो सकता है कि कुछ और निर्देश आ जाएँ तभी सही स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
वहीं प्रणय सिंह ने बताया कि शहर का क्षेत्रफल भी परिसीमन के बाद दोगुना बढ़ जाएगा। गाँवों को बिना शामिल किये शहरी क्षेत्र का क्षेत्रफल 82 वर्ग किलोमीटर है। वहीं शहरी हुए 84 गाँवों का कुल क्षेत्रफल 86 वर्ग किलोमीटर है। ऐसे में कुल 168 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल हो जाएगा।
इस जानकारी के बाद से चुनाव की तैयारी कर रहे पार्षदों और महापौर पद के प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली है। ने वार्ड गठन में पुराने वार्डों की सीमाएं परिवर्तित होने की आशंका में उनका चुनाव समीकरण बिगड़ता दिखाई दे रहा था। इस सम्बन्ध में कांग्रेस के पार्षद सीताराम केशरी ने आपत्ति भी दर्ज करवाई थी।
बता दें की शासन ने मानक तय करते हुए कहा है कि जिन शहरों की आबादी 15 लाख हैं वहां सिर्फ 90 वार्ड होंगे, जिन शहरों की आबादी 16 से 18 लाख हैं वहां 100 वार्ड और 18 लाख से अधिक की आबादी वाले शहरों में 110 वार्ड बनाये जायेंगे।