ताजमहल समेत सभी स्मारकों में 15 अगस्त तक निशुल्क करने के आदेश के बाद,एक दिन में 60 हजार पर्यटकों ने किया दीदार
लखनऊ 07अगस्त :आजादी के अमृत महोत्सव में ताजमहल समेत सभी स्मारकों में 15 अगस्त तक निशुल्क करने के आदेश के बाद पहले वीक एंड पर शनिवार को ताजमहल में भारी भीड़ रही। प्रवेश टिकट न होने के कारण मुख्य गुंबद पर प्रवेश के लिए कतार रही तो वहीं नीचे चमेली फर्श पर पूरा गोल चक्कर कतार में लगकर पर्यटकों को ऊपर गुंबद पर जाना पड़ा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों के मुताबिक करीब 60 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने शनिवार को ताजमहल में प्रवेश किया,ताजमहल के अंदर और बाहर सैलानियों का सैलाब उमड़ आया। इससे पहले ताज में प्रवेश के लिए 500 मीटर लंबी कतार में इंतजार करना पड़ा। लाइन में लगने से लेकर बाहर निकलने तक पर्यटकों को चार से पांच घंटे का समय लग गया। ताजमहल में चमेली फर्श और मुख्य गुंबद पर लगभग चार साल बाद ऐसी कतार नजर आई है। कोरोना काल से पहले क्रिसमस की छुट़्टियों में ऐसी भीड़ थी, जिसके बाद एएसआई ने प्रवेश शुल्क के बाद 200 रुपये का टिकट मुख्य गुंबद की कब्रें देखने के लिए लगा दिया था। तब गुंबद पर भीड़ में कमी आई थी, लेकिन निशुल्क होने के कारण शनिवार को 60 हजार से ज्यादा लोग ताज पर पहुंचे।